Friday, March 11, 2011

[New post] इंग्लैंड की निगाह क्वार्टर फाइनल पर

इंग्लैंड की निगाह क्वार्टर फाइनल पर

bollywoodnewsgosip | March 11, 2011 at 9:48 am | Categories: National News in Hindi | URL: http://wp.me/p13b02-13X

चोटिल खिलाड़ियों से समस्या से जूझ रहा इंग्लैंड शुक्रवार को यहाँ बांग्लादेश पर जीत दर्ज करके विश्वकप क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित करना चाहेगा जबकि मेजबान देश नॉकआउट चरण में पहुँचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखने की कोशिश करेगा।

इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच यह दिन रात्रि मैच इन दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है जिससे ग्रुप बी की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो जाएगी। इंग्लैंड अभी ग्रुप बी में चार मैच में पाँच अंक लेकर दूसरे स्थान पर है और वह वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अंतिम लीग मैच से पहले अंतिम आठ में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए बेताब है।

इंग्लैंड के लिए हालाँकि राह आसान नहीं होगी क्योंकि स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन और तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के चोटिल होने के कारण विश्वकप से बाहर होने के बाद उसकी समस्याएँ बढ़ गई हैं। पीटरसन के स्थान पर बाएँ हाथ के बल्लेबाज इयोन मोर्गन को टीम में लिया गया है जबकि ब्रॉड का स्थान क्रिस ट्रेमलेट लेंगे। कोच एंडी फ्लावर को विश्वास है कि मोर्गन कल के मैच के लिए तैयार रहेंगे।

बांग्लादेश की स्थिति हालाँकि नाजुक बनी हुई है और उसे यदि क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बने रहना है तो कल हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। बांग्लादेश अभी तीन मैच में दो अंक लेकर छठे स्थान पर है और अब एक हार भी उसकी अगले चरण में पहुँचने की संभावना को गहरा आघात पहुँचा सकती है। उसे इंग्लैंड के बाद हॉलैंड और दक्षिण अफ्रीका का सामना करना है।

सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने हालाँकि उम्मीद जताई कि टीम वेस्टइंडीज वाले मैच को भूलकर नए सिरे से शुरुआत करने में सफल रहेगी। उन्होंने कहा, 'खिलाड़ियों का मनोबल गिरा नहीं है। हम आगामी मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिये तैयार हैं।'

इंग्लैंड का बांग्लादेश के खिलाफ अभी तक शानदार रिकॉर्ड रहा है और एंड्रयू स्ट्रास की टीम भी इसे बरकरार रखने की पूरी कोशिश करेगी। इन दोनों टीमों के बीच जो 14 मैच खेले गए हैं उनमें से केवल एक मैच में बांग्लादेश को जीत मिली है। बांग्लादेश की सरजमीं पर जो छह मैच खेले गए हैं उनमें से सभी इंग्लैंड ने जीते हैं।

इस मैच से इंग्लैंड आगे की रणनीति भी तैयार करेगा क्योंकि पीटरसन अब टीम में नहीं हैं जिन्हें विश्वकप में पारी का आगाज का जिम्मा सौंपा गया था। उनकी अनुपस्थिति में स्ट्रास के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर, रवि बोपारा या इयान बेल को यह भूमिका निभानी पड़ सकती है।

जुनैद सिद्दकी, रकीबुल हसन, इमुरूल कायेस और मोहम्मद अशरफुल अभी तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं जबकि गेंदबाजी में स्पिनर अब्दुर रज्जाक भी बेअसर ही रहे हैं।

टीमें इस प्रकार हैं .. इंग्लैंड : एंड्रयू स्ट्रास (कप्तान), मैट प्रायर, जोनाथन ट्राट, इयान बेल, इयोन मोर्गन, रवि बोपारा, पाल कोलिंगवुड, ग्रीम स्वान, टिम ब्रेसनन, माइकल यार्डी, जेम्स एंडरसन, अजमल शहजाद, जेम्स ट्रेडवेल, ल्यूक राइट और क्रिस ट्रेमलेट में से।

बांग्लादेश : साकिब अल हसन (कप्तान), तमीम इकबाल, इमरूल कायेस, जुनैद सिद्दीकी, शहरयार नफीस, रकीबुल हसन, मोहम्मद अशरफुल, मुशफिकर रहीम, नईम इस्लाम, मोहम्मद महमुदुल्लाह, अब्दुर रज्जाक, रूबेल हुसैन, शैफीउल इस्लाम, नजमुल हुसैन और शुहारवादी शुवो में से।

Mns India

Add a comment to this post


Trouble clicking? Copy and paste this URL into your browser: http://subscribe.wordpress.com